रविवार, 4 जनवरी 2009

बासुकीनाथ धाम (दुमका)


बासुकीनाथ
दुमका-देवघर राजमार्ग पर दुमका जिला से उत्तर पश्चिम में लगभग 25 कि0मी0 की दूरी पर अवस्थित है।यह हिन्दुओं का बड़ा ही पवित्र तीर्थस्थल है जो बासुकीनाथ प्रखंड में पड़ता है। प्रतिवर्ष श्रावण मास में देश के विभिन्न प्रदेशों से लाखों श्रद्धालु आकर भगवान शिव को जल अर्पित कर पूजा करते हैं। यह तीर्थस्थल जसीडीह जंक्शन एवं जामताड़ा स्टेशन से रेल मार्ग से जुड़ा है। वायुमार्ग द्वारा राँची या कोलकाता हवाईअड्डा से भी यहाँ पहुँचा जा सकता है।
आकर्षण का केन्द्र मसानजोर

मयुराक्षी नदी पर निर्मित मसानजोर डैम और यहां आस पास का प्राकृतिक सौन्दर्य पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र हैं। झारखंड, बिहार और प.बंगाल सहित कई राज्यों से सैलानी यहां भ्रमण करने एवं पिकनिक के उद्देश्य से आते हैं। दुमका जिला मुख्यालय से 30 कि.मी. की दूरी पर मसानजोर, दुमका-कोलकता सड़क मार्ग पर पड़ता हैं। क्षेत्र में पनबिजली एवं सिंचाई के उद्देश्य से 1951 में कनाडा सरकार द्वारा निर्मित इस डैम का शिलान्यास भारत के प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेन्द्र प्रसाद के हाथों किया गया था। डैम बनने के बाद इस क्षेत्र के लोगों को बिजली एवं सिंचाई की सुविधा मिलती हैं।

बासुकीनाथ

हरे भरे जंगलों, अनगिनत छोटी-बड़ी पहाड़ियों से भरे झारखंड प्रांत के उप राजधानी दुमका से सटे जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत बासुकीनाथ धाम भक्तों के बीच फौजदारी दरबार के रुप में प्रसिद्ध हैं। आम तौर पर सालों भर इस अदालत में विभिन्न प्रकार के कष्टों के निवारण एवं मंगल कामना के लिए भक्तों का ताँता लगा रहता हैं। लेकिन प्रत्येक वर्ष सावन माह में यह नगरी केसरीया चोलाधारी लाखों काँवरियों से केसरीया मय रहती हैं। यहां भारत के विभिन्न प्रांतों के अलावे पड़ोसी हिन्दू धर्मावलंबी देशों नेपाल, भूटान, श्रीलंका, मारीशस के अलावे पश्चिम देशों से अप्रवासी भारतीय एवं अन्य धर्मों के भी लोग पहुंचते हैं। सावन मास में तो वसुधैव कुटुम्बकम, राष्ट्रीय एकता, प्रेम, सहिष्णुता, सहयोग, सदभाव की चरम स्थिति यहां दिखती हैं।

सुम्मेश्वरनाथ मंदिर में हैं। दुर्लभ शिवलिंग

दुमका जिले के सरैयाहाट प्रखंड मुख्यालय से 11 किमी दूर धौनी गांव स्थित बाबा सुम्मेश्वर नाथ मंदिर हैं। ऐतिहासिक व पुरातात्विक महत्वों को संजोये इस मंदिर में शिवलिंग की पूजा होती हैं। इस मंदिर की पौराणिक कहानी महाभारत काल से संबंधित है। यह स्थल अपने प्राकृतिक खूबसूरती में बसे होने के कारण श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। घने जंगल में बसे इस मंदिर से जुड़े कई ऐतिहासिक तथ्य हैं। अति प्राचीन काल में यहां घनघोर जंगल में शुम्भ व निशुम्भ दो राक्षस भाईयों का वर्चस्व कायम था। दोनों ही शिवभक्त थे। दोनों भाईयों द्वारा ही यहां अलग- अलग शिवलिंग की स्थापना की गयी है। यह शिवलिंग आज भी जुड़वा शिवलिंग से जाना जाता है। यह पूरे देश में दुर्लभ शिवलिंग के नाम से प्रसिद्ध है।

शिव पहाड़ का नाग मंदिर

दुमका के शिव मंदिरों में शिवपहाड़ का एक विशेष ही महत्व हैं। शिवपहाड़ यहां के मनोरम स्थलों में भी एक विशेष स्थान रखता हैं। शहर के बीचो बीच स्थित पहाड़ के उपरी हिस्से में भगवान शिव का यह मंदिर लगभग सौ साल पुराना बताया जाता हैं। यहां सालों भर शिवभक्तों को बड़ी श्रद्धा के साश भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना करते देखा जाता है। भगवान शिव की पूजा अर्चना के लिए सावन महीने में खासकर सोमवार के दिन तो यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ती हैं।

दुमका जिले के महत्वपूर्ण पर्यटक स्थल

सिरसानाथ

सिरसानाथ दुमका से महज 15 किमी की दूरी पर बारापलासी के निकट मयूराक्षी नदी के किनीरे बसा है। यहां शिव-पार्वदी जी का मंदिर है। इस मंदिर का शिवलिंग जमीन के भीतर से सर्प के रुप में बनकर बाहर निकला हैं। यहां दुमका एवं आसपास क्षेत्रों से सैकड़ो श्रद्धालु पहुंचते है।

पंचवाहिनी

यह स्थान शिकारीपाड़ा प्रखंड़ मुख्यालय के निकट ब्राह्मणी नदी से सटे जंगल में स्थित है। यहां की विशेषता यह है कि यहां एक अति प्राचीन शिव मंदिर का अवशेष मिला है, जो देखने लायक है। मंदिर अर्धनिर्मित है। पुरातत्व के दृष्टिकोण से यह स्थान काफी महत्वपूर्ण है।

कोई टिप्पणी नहीं: